सीएम योगी ने लगवाई कोरोना की वैक्सीन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कोरोना वैक्सीन लगवा ली है। सीएम योगी ने आज सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल पहुंचकर वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। वैक्सीन लगवाने के बाद योगी ने कहा कि देश के और दुनिया के लोगों को बचाने के लिए भारत ने दो स्वदेशी वैक्सीन लॉन्च की हैं, उसमें से मैंने भी वैक्सीन लगवाई है। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री को को-वैक्सीन की डोज दी गई है। योगी ने कहा कि देशवासियों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त में उपलब्ध कराने के लिए मैं पीएम मोदी का आभार करता हूं।
इसके अलावा देश के उन सभी वैज्ञानिकों का, जिन्होंने समय से दो-दो वैक्सीन लॉन्च की, उनका भी अभिनंदन करता हूं। बीते एक साल से उन सभी हेल्थ वर्कर्स और कोरोना वॉरियर का भी अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में प्रभावी ढंग से मुकाबला किया और मानवता को बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वैक्सीन ही इस महामारी को रोकने में कारगर है और सभी लोग तत्काल वैक्सीन लगवाएं। दोनों वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित हैं और लोगों को इससे डरना नहीं चाहिए।










