April 20, 2026
Trending अंतर्राष्ट्रीय रक्षा विभाग राष्ट्रीय

ईरान के खिलाफ हर कदम उठाएगा इस्राइल

ईरान के नतांज परमाणु संयंत्र में तबाही मचाने वाले इस्राइल ने धमकी दी है कि वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए हर कदम उठाने को तैयार है। इस्राइल के विदेश मंत्री गबी अश्केनाजी ने साइप्रस में एक सम्मेलन के दौरान कहा कि वह ईरान के परमाणु बम हासिल करने के मंसूबों को नष्ट करने के लिए हर संभव कदम उठाने को तैयार है।

इस्राइल ने यह धमकी ऐसे समय पर दी है जब नतान्ज परमाणु स्थल को निशाना बनाकर हमला किये जाने के बाद ईरान ने 60 प्रतिशत शुद्धता तक यूरेनियम संवर्धन शुरू कर दिया। इतनी शुद्धता वाला यूरेनियम परमाणु हथियार के लिए जरूरी संवर्धन सीमा के करीब है और यह वियना में विश्व शक्तियों के साथ परमाणु समझौते को बहाल करने की दिशा में दबाव डालने के उद्देश्य से किया गया है। एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि एक घंटे में महज कुछ ग्राम यूरेनियम गैस को 60 प्रतिशत शुद्धता तक संवर्धित किया जाएगा। यह उस स्तर का तीन गुना है जो तेहरान पहले संवर्धित करता था, हालांकि, संवर्धन की दर उसकी क्षमता से कहीं ज्यादा धीमी है। अंतरराष्ट्रीय निरीक्षकों ने पहले ही कहा है कि ईरान ने नतान्ज परमाणु केंद्र में जमीन के ऊपर ऐसा करने की योजना बनाई थी, न की जमीन के नीचे हॉल में जो हवाई हमलों का सामना करने के लिये मजबूत हैं।

इस कदम से हालांकि तनाव बढ़ने की ही आशंका है। वह भी ऐसे समय में जब वियना में ईरान विश्व शक्तियों के साथ बातचीत कर रहा है कि कैसे अमेरिका को फिर से समझौते में लाया जा सके और इस्लामिक गणराज्य को कड़े आर्थिक प्रतिबंधों में छूट मिल सके। हालांकि, इसका दायरा ईरान को तनाव को जल्द कम करने का रास्ता भी उपलब्ध कराता है, अगर वह उसे चुनता है तो। बीते हफ्ते ईरानी परमाणु प्रतिष्ठान पर हुए हमले में सेंट्रीफ्यूज को नुकसान पहुंचने के बाद इस घोषणा का महत्व और बढ़ जाता है। हमले का संदेह इस्राइल पर है। इस्राइल ने अब तक हमले का दावा नहीं किया है लेकिन पश्चिम एशिया के दो प्रतिद्वंद्वियों के बीच काफी समय से चल रहा छद्म युद्ध इस दावे की राह में आता है।

Follow Me:

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *