बंगाल में मोदी हैं काफी लोकप्रिय
- टीएमसी के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कहा
- राज्य के 55 प्रतिशत हिंदू दे रहे भाजपा को वोट
- तुष्टिकरण की राजनीति से हिंदुओं का मोहभंग
तृणमूल कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर अपने पहले के ही बयान से मुकरते दिख रहे हैं। उन्होंने चुनाव की शुरुआत से पहले कहा था कि यदि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में सौ का आंकड़ा छू लिया तो वह चुनावी रणनीति बनाने का अपना काम छोड़ देंगे लेकिन अब एक दिन पहले उन्होंने जो कहा, वह हैरान करने वाला है। इससे तृणमूल कांग्रेस में भी बेचैनी साफतौर पर झलकती दिख रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी काफी लोकप्रिय हैं और 55 प्रतिशत हिंदू भाजपा को वोट दे रहे हैं। इससे परिवर्तन होता साफ दिख रहा है।
प्रशांत किशोर का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने कल ही क्लबहाउस प्लेटफॉर्म पर कुछ पत्रकारों से बात की थी। टीएमसी का चुनावी प्रबंधन संभाल रहे प्रशांत कह रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में पिछले 20 सालों से टीएमसी समेत सभी पार्टियों ने तुष्टिकरण की राजनीति की है। इसके अलावा प्रशांत किशोर ने यह भी कहा है कि बंगाल में हिंदू वोटों का ध्रुवीकरण हो रहा है और कम से कम 55 फीसदी हिंदू बीजेपी को वोट कर रहा है।
बीजेपी के आईटी सेल के इंचार्ज अमित मालवीय ने प्रशांत किशोर की बातचीत का क्लिप ट्विटर पर पोस्ट किया है। इस क्लिप में प्रशांत यह कहते सुने जा सकते हैं कि पीएम मोदी पश्चिम बंगाल और देशभर में काफी लोकप्रिय हैं। साथ ही इस क्लिप में टीएमसी के खिलाफ सत्ता विरोध लहर होने की बात भी कही जा रहा है। प्रशांत किशोर की वायरल आॅडियो क्लिप को लेकर बीजेपी लगातार हमलावर है। बीजेपी नेता तजिंदर पाल बग्गा ने एक क्लिप डालते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है कि प्रशांत किशोर यहां अपनी हार स्वीकार कर रहे हैं।
इस बीच हुगली से भाजपा की प्रत्याशी और सांसद लॉकेट चटर्जी कहती हैं कि प्रशांत किशोर यह भी जानते हैं कि पीएम मोदी बेस्ट हैं और उनके नेतृत्व में सोनार बांग्ला बनेगा। लेकिन लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए वह टीएमसी से जुड़े हुए हैं।
भाजपा के लोग मेरी बातों को गंभीरता से लेते हैं- पीके
प्रशांत किशोर ने भी इस पर सफाई दी है। उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा है कि मुझे खुशी है कि अपने नेताओं की बात की जगह बीजेपी के लोग मेरी बात को ज्यादा सीरियसली लेते हैं। हालांकि इस क्लिप का एक ही हिस्सा दिखाया गया है। मैं उनसे पूरी चैट को जारी करने का आग्रह करता हूं।










