आईपीएल शुरू होते ही सट्टेबाज भी हरकत में
- आगरा समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहले ही मैच से लगे बड़े-बड़े दांव
- राजधानी लखनऊ में दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2021) की शुरुआत हो चुकी है। पहला मैच कल मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू के बीच खेला गया। पहला मैच ही काफी रोचक और अंतिम गेंद पर फैसला करने वाला साबित हुआ। इस मैच पर भी देश भर में खूब सट्टे लगे। अगर बात यूपी की करें तो यहां भी विभिन्न जिलों में बड़े सट्टे लगाए गए।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सट्टेबाजों का रैकेट पकड़ा गया। पुलिस ने काले खेल का भंडाफोड़ करते हुए दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। नार्थ जोन की क्राइम टीम ने जानकीपुरम क्षेत्र से पूरे गैंग को गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, क्राइम टीम की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस ने रेड की थी। इस दौरान सट्टेबाजों के पास से 10 लाख रुपये भी बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि ये सट्टेबाजों का गिरोह प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय था। इसके साथ ही अन्य जिले में भी ऑनलाइन माध्यमों से करोड़ों रुपये दांव पर लगने शुरू हो गए हैं।
आगरा में भी सट्टे ने खूब रंग जमाया। मुंबई इंडियंस और आरसीबी दोनों पर खूब दांव लगाए गए। यह धंधा अब कई तरह से ऑनलाइन भी संचालित होता है। ऐसे में इस अवैध धंधे पर अंकुश लगाने के लिए थाना पुलिस के पास फिलहाल कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है। पुलिस का कहना है कि हम अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं और सटीक सूचना के आधार पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
व्हाट्स एप सहित सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म के जरिये संचालित होने वाले इस खेल में तकनीक इतना ज्यादा हावी है कि एक मोबाइल के जरिये सब कुछ संचालित हो जाता है और पुलिस को भनक तक नहीं लग पाती है।










