April 20, 2026
Trending आगरा उत्तर प्रदेश ताजा

रात्रि कर्फ्यू से ज्यादा दूर नहीं हम

आगरा में कोरोना के केस दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। बढ़ते केस के साथ ही शहरवासियों की लापरवाही बढ़ रही है। शहर की हर कॉलोनी में लगने वाली ठेल, ढकेल, ऑटो चालक, ई रिक्शा चालक बिना मास्क के अपना काम कर रहे हैं। दुकानदार और ग्राहक दोनों ही कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे। शहरवासियों की यह लापरवाही शहर को रात्रि कालीन कर्फ्यू की ओर धकेल रही है। हाईकोर्ट ने भी सरकार से रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने पर विचार करने को कह दिया है। यदि रात्रि कालीन कर्फ्यू लगा तो पिछले साल के घाटे से अभी तक जूझ रहे होटल, रूफ टॉप रेस्टोरेंट तथा वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कारोबार चौपट होने के कगार पर पहुंच जाएगा।

बता दें कि नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने कहा है कि कोरोना की यह लहर पिछले साल आई लहर से बहुत अधिक तेज है। कोरोना के फैलने की गति पहले से अधिक है। आने वाले चार हफ्ते बहुत महत्वपूर्ण हैं। केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों से आरटीपीसीआर टेस्ट की संख्या बढ़ाने तथा कोरोना के प्रोटोकाल का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा है। दिल्ली सरकार ने कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। 

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी मास्क की अनिवार्यता का 100 प्रतिशत पालन कराने के लिए डीजीपी से कार्ययोजना बनाने, कड़ाई करने तथा देर शाम होने वाले आयोजनों में भीड़ को रोकने के लिए कहा है। तय है कि आने वाले समय में मास्क न लगाने पर पुलिस सख्त रुख अख्तियार करेगी। हाईकोर्ट की सिफारिशें यदि सरकार द्वारा लागू की गई तो आने वाले समय में होने वाली शादियों पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ेगा। वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े लोग जैसे बैंड, रोशनी वाले, कैटरर, सजावट वाले आदि पिछले साल की मंदी की मार अभी तक झेल रहे थे। उन्हें आशा थी कि इस साल होने वाले आयोजनों से वह अपने घाटे की भरपायी कर सकेंगे। किंतु कोरोना की नयी लहर ने उनकी आशाओं पर पानी फेर दिया है।

तेजी से फैलते कोरोना के बाद भी नहीं संभल रहे लोग, आने वाले चार हफ्ते संवेदनशील

पर्यटन उद्योग कोरोना की मार पिछले साल से ही झेल रहा है। घरेलू पर्यटन की शुरूआत होने के  साथ ही कोरोना की नयी लहर ने होटल इंडस्ट्री को फिर से पिछले साल की स्थिति में पहुंचा दिया है। शहर में एक दर्जन से अधिक रूफ टॉप रेस्टोरेंट संचालित हैं। इन रेस्टोरेंट में आवागमन ही रात्रि आठ बजे के बाद शुरू होता है तथा रात 12 बजे तक यह रेस्टोरेंट गुलजार रहते हैं। रात का कर्फ्यू लगा तो इस कारोबार से जुड़े लोग फिर से बेरोजगार हो जाएंगे। 

Follow Me:

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *