झूलेलाल मेले में सिंधियत की झलक
- कोठी मीना बाजार मैदान पर शुरू हो गया दो दिवसीय मेला, कोरोना की गाइडलाइंस का पालन
- मेला स्थल पर मनमोहक झांकियां हैं तो स्टाल्स भी, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए, मेला आज भी
महानगर का सिंधी समाज अपने इष्टदेव भगवान झूलेलाल के अवतरण दिवस के उल्लास में डूबा हुआ है। कोरोना के खतरे के बीच झूलेलाल जयंती परम्परागत शोभायात्रा निकालकर तो नहीं मनाई जा रही, लेकिन जय झूलेलाल मेला कमेटी ने कोठी मीना बाजार मैदान पर भव्य मेला लगाकर जयंती उत्साहपूर्वक मनाने का रास्ता निकाल लिया। बीते कल चार बजे मेला शुरू हो गया था जो आज शाम तक चलेगा। मेले पर देवलोक का नजारा दिखाई दे रहा है।
भगवान झूलेलाल मेले का शुभारंभ विधिवत मठाधीश पीर शंकरनाथ योगी ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि के रूप में सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष जीवतराम करीरा और महामंत्री गागनदास रामानी मौजूद रहे। मेला स्थल पर मनमोहक धार्मिक झांकियां हैं तो विभिन्न उत्पादों के स्टॉल्स भी नजर आते हैं। झांकियां हों या स्टाल्स, हरेक को लगाने में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया है। मेला परिसर में सीमित प्रवेश के लिए पास व्यवस्था लागू की गई। बगैर मास्क किसी को मेला स्थल पर प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा। मेले में शहर की सभी 36 मोहल्ला पंचायतें भागीदारी हो रही है। क्षेत्रीय पंचायतों ने अपने मोहल्लों में झांकियां अलग से सजाई हैं। यह लगातार दूसरी बार है, जबकि परम्परागत रूप से झांकियों के साथ भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा नहीं निकाली जा रही।
मेला शुभारंभ के मौके पर मेला कमेटी के अध्यक्ष हेमंत भोजवानी ने कहा कि सिंधी सभ्यता और संस्कृति से युवाओं को जोड़ने के लिए यह मेला आयोजित किया गया है। पिछले वर्ष भी कोरोना महामारी के चलते सिंधी समाज ने झूलेलाल जयंती अपने घरों पर ही रहकर मनाई थी। इससे पहले के सालों में शहर भर की 36 मोहल्ला पंचायतें झांकियां निकालती थीं, जो विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए घटिया पहुंचती थीं। यहां से भव्य शोभायात्रा निकलती थी। इस साल भी कोरोना के खतरे की वजह से सिंधी सेंट्रल पंचायत ने कोठी मीना बाजार मैदान पर मेला लगाने का फैसला लिया था।

मेले के उद्घाटन के मौके पर जय झूलेलाल मेला कमेटी के संरक्षक घनश्यामदास देवनानी और चंद्र प्रकाश सोनी, महामंत्री सूर्य प्रकाश, श्याम भोजवानी, जितेंद्र त्रिलोकानी, संपर्क प्रमुख मेघराज दियालानी, अजय करीरा, जेपी धर्मानी, सुनील कर्मचंदानी, परमानंद आतवानी, जेके मदनानी, कन्हैया सोनी, उमेश पेरवानी, नरेश लखवानी, प्रदीप बनवारी, किशोर बुधरानी, अमृत माखीजा, हर्षित भोजवानी, हितेश भोजवानी, लक्ष्मण गोकलानी, नरेश देवनानी, जय प्रकाश केसवानी, भजनलाल प्रधान, पार्षद प्रकाश केसवानी, सुंदर चेतवानी, टीकम लालवानी, जगदीश डोडानी, अशोक गोकानी, प्रहलाद राय सोनी आदि मौजूद रहे। संपर्क प्रमुख मेघराज दियालानी ने बताया कि मेले के शुभारंभ के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। सोमवार को खबर लिखे जाने तक मेला स्थल पर सिंधी समाज के लोगों का आना शुरू हो गया था। हर ओर उल्लास का माहौल था।










